Breaking News
मुंबई : सरकार की तरफ से जिले के पॉजिटिविटी रेट और ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता का साप्ताहिक डेटा जारी किया गया। इन आंकड़ों के मुताबिक मुंबई लेवल 1 में आ गई है, लेकिन सतर्कता के तौर पर मुंबई को अभी भी लेवल 3 में रखा गया है। मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने कहा कि कुछ दिन और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जाएगी और अगले सप्ताह मुंबई को लेवल 2 में लाने पर विचार किया जाएगा। अगले सप्ताह यदि पॉजिटिविटी रेट 2 या 2.5 या इससे कम होने पर मुंबई को जरूर लेवल 2 में लाने पर विचार किया जाएगा। ऐसे में इस सप्ताह भी आम लोगों के लिए लोकल के दरवाजे खुल नहीं पाएंगे। मुंबई के लेवल 2 में आने के बाद ही चरणबद्ध तरीके से आम लोगों को लोकल ट्रेन में सफर की अनुमति मिलेगी।
मनपा आयुक्त ने कहा कि यदि मुंबई लेवल 2 में आती है तो निश्चित तौर पर आम लोगों को लोकल ट्रेन में सफर करने की अनुमति देने पर विचार किया जाएगा। आम लोगों को लोकल में सफर की अनुमति पहले की तरह चरणबद्ध पद्धति से दी जाएगी। शुरुआत में महिलाओं को यात्रा की अनुमति मिलेगी, इसके बाद अन्य लोगों पर विचार किया जाएगा। चहल ने कहा कि इसके पहले मुंबई को लेवल 2 में लाने की जरूरत है। इसके बाद ही फैसला लिया जाएगा। पिछले सप्ताह मुंबई और उपनगर की साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 4.40 प्रतिशत और ऑक्सीजन बेड की ऑक्सूपेंसी 27.12 फीसदी थी, जो सप्ताह गिरकर 3.79 और 23.56 फीसदी रह गई है। महानगर में फिलहाल रोजाना 600 से 700 नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं, यह आंकड़ा 500 से कम होने पर पॉजिटिविटी रेट एक से डेढ़ फीसदी हो जाएगी। ऐसी स्थिति में यह समझा जाएगा कि मुंबई में स्थिति काबू में है। मुंबई के लेवल 2 में आने पर प्रतिबंधों में कई छूट मिल सकेगी।
रिपोर्टर