Breaking News
मुंबई। देश की
आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई में साफ-सफाई को लेकर प्रशासन के बड़े-बड़े
दावे एक बार फिर हवा होते नजर आए। विले पार्ले (पश्चिम) के एस वी रोड स्थित इर्ला
बस स्टॉप के सामने गंदगी का बड़ा ढेर स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की परेशानी का
सबब बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि गंदगी का यह अंबार उसी जगह लगा है, जहाँ
बगल में ही गणपति मूर्तियों का पंडाल सजाया गया है। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों
का कहना है कि एक ओर सरकार और महानगरपालिका शहर को स्वच्छ बनाने के अभियान चलाती
है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक स्थानों की यह हालत मुंबई की
साख पर दाग लगा रही है। ठीक बस स्टॉप के सामने इस गंदगी की बदबू और मच्छरों के
चलते यहाँ रुकना तक मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बीएमसी से माँग की है कि
इर्ला बस स्टॉप और आसपास की सफाई तुरंत कराई जाए, ताकि बस
यात्रियों व नागरिकों की सुविधा का सम्मान हो सके। वहीं नागरिकों का कहना है कि
यदि प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों
में यहाँ बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है।
रिपोर्टर