Breaking News
मुंबई : राज्य में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी कड़ी में मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर ने बताया कि शहर को कैसे अनलॉक किया जाएगा। मुंबई में सभी दुकानें शाम चार बजे तक खुली रहेंगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि शाम को कफ्र्यू लगा दिया जाएगा। भले ही अनलॉक प्रक्रिया शुरू हो गई हो, लेकिन लोगों को आत्म-अनुशासन का पालन करने की आवश्यकता है। लोगों के सहयोग से ही हम कोरोना पर विजय प्राप्त करेंगे। स्पा, सैलून शाम चार बजे तक खुले रहेंगे, लेकिन दुकानदारों को एसी बंद रखना पड़ेगा क्योंकि इससे कोरोना फैल सकता है। महापौर ने चेतावनी दी कि एसी चालू पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। मॉल, थिएटर, सिनेमाघर बंद रहेंगे। लोकल आवश्यक सेवाओं के लिए शुरू किया गया है । बस सेवा शुरू की गई है ,लेकिन यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करने की अनुमति नहीं है। महापौर ने जानकारी दी है कि पांचवें स्तर से आने वाले निजी वाहनों को मुंबई में अनुमति नहीं दी जाएगी। इस संबंध में उन्होंने कहा है कि वह मंगलवार को मुंबई मनपा के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। होटल और रेस्टोरेंट को 50 फीसदी क्षमता के साथ शाम चार बजे तक चालू रखने की अनुमति है। 4 बजे के बाद वे पार्सल सेवा जारी रख सकते हैं। होटल और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा। किशोरी पेडणेकर ने कहा कि कोविड संकट खत्म नहीं हुआ है, हम इसे खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों को मास्क पहनना चाहिए, हाथ धोना चाहिए, भीड़ से बचना चाहिए। दूसरी लहर भयानक थी। अब तीसरी लहर कितनी भयानक होगी, यह कहना नामुमकिन है। तीसरी लहर से बच्चों को खतरा है। इसलिए आपको सावधान रहना होगा कि लहरें न आने दें। मुंबई सहित पड़ोसी नगर निगमों को सहयोग करने की जरूरत है। मानसून के मौसम में प्रकोप तेज हो जाता है। पेडनेकर ने कहा कि बच्चों को बाहर न खिलाएं, ताजा खाना खाएं।
रिपोर्टर