Breaking News
भाजपा की 99 उम्मीदवारों की सूची जारी
विद्या ठाकुर खुश तो, संजय उपाध्याय हुए नाराज
मुंबई: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महायुति गठबंधन की चल रही बैठक के बाद भाजपा
ने 99 उम्मीदवारों वाली अपनी पहली सूची जारी की है. किन्तु
भाजपा की इस बैठक में सबसे आश्चर्यजनक बात यह रही कि भाजपा ने एक बार फिर से उत्तर
भारतीयों को नजरअंदाज किया है। बता दें कि भाजपा ने जिन 99 लोगों
की सूची जारी किया है उसमें सिर्फ एक उत्तर भारतीय विद्या जयप्रकाश ठाकुर
(गोरेगांव) को उम्मीदवारी दी है। इससे उत्तरभारतीय भाजपा नेताओं में जबरदस्त नाराजगी
देखी जा रही है। बता दें कि लोकसभा चुनाव में उत्तर भारतीयों की उपेक्षा भाजपा के
लिए घातक साबित हुई थी. परिणाम स्वरूप उत्तर भारतीय वोट बैंक खिसकने का खामियाजा भाजपा
को लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ा था। विधानसभा चुनाव में लिए भाजपा में उत्तर
भारतीय वोट पाने के लिए प्रयास चल रहे हैं। यूपी-बिहार के विधायकों, सांसदों को भाजपा के उम्मीदवारों के प्रचार के लिए खासतौर पर मुंबई में
बुलाया गया है। लेकिन, भाजपा में वर्ली से संतोष पांडे,
वर्सोवा से संजय पांडे, कालीना से अमरजीत सिंह
सहित कई उत्तर भारतीय नेता इच्छुक हैं। लेकिन उम्मीदवारी के मामले में भाजपा की
पहली सूची में एक बार फिर से उत्तर भारतीयों की अवहेलना देखने को मिली है। जबकि
मुंबई व आस-पास रहनेवाले प्रवासी उत्तर भारतीय बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े
हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा में उत्तर भारतीयों की उपेक्षा से भाजपा में मुंबई
के उत्तर भारतीय खासतौर पर नाराज हैं। सूत्रों का कहना है कि बीते सप्ताह अपने
मुंबई दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुंबई में भाजपा के
नाराज महासचिव संजय उपाध्याय को समझाने के लिए उनके घर पहुंच गए थे। 40 वर्षों से पूरी निष्ठा से पार्टी में मिली जिम्मेदारियों को निभाने के बाद
भी संजय उपाध्याय को बार-बार नजरअंदाज किया जाता रहा है। बताया जा रहा है कि 2019
में उन्हें बोरीवली से उम्मीदवारी दी गई थी। लेकिन ऐन मौके पर उनका
नाम काट कर सुनील राणे को उम्मीदवारी दे दी गई। इसके बाद उन्हें राज्य सभा में
भेजने का वादा किया गया था लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। उन्हें राज्यपाल मनोनीत
12 विधायकों में शामिल करने का भी आश्वासन दिया गया था लेकिन
बाद में उपाध्याय की जगह विक्रांत पाटिल को विधायक बना दिया गया। उपाध्याय ने विले
पार्ले से टिकट मांगा था। उन्होंने विलेपार्ले के जेबी नगर में कार्यालय भी खोला
है लेकिन विलेपार्ले से मौजूदा विधायक पराग अलवणी को उम्मीदवार घोषित कर दिया गया
है। अब उम्मीद की जा रही है कि वर्सोवा और क़ालीना से विधानसभा चुनाव में भाजपा
संजय उपाध्याय या किसी दूसरे उत्तर भारतीय को टिकट देकर उत्तर भारतीयों की नाराजगी
दूर करने की कोशिश कर सकती है।
रिपोर्टर