Breaking News
मुंबई में कई
भाजपा विधायकों का कटेगा टिकट !
मुंबई. लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में लगे तगड़े झटके के बाद भारतीय जनता पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियों में जुट गई है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लगातार महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि लोकसभा चुनाव की पुनरावृत्ति से बचा जा सके। इसी कड़ी में भाजपा उन विधायकों का टिकट काटने पर विचार कर रही है, जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है। खबरों के अनुसार, भाजपा मुंबई में कई बड़े और चौंकाने वाले बदलाव करने वाली है। इसके तहत घाटकोपर पश्चिम से भाजपा विधायक राम कदम का टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है। उनका कमजोर प्रदर्शन लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मिहीर कोटेचा की हार का कारण माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई में राम कदम के अलावा पाँच और विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। वर्सोवा की विधायक भारती लव्हेकर के स्थान पर संजय पांडे को टिकट मिलने की संभावना है, जबकि सायन में कैप्टन तमिल सेल्वन की जगह राजश्री शिरवडकर को, घाटकोपर पूर्व में पराग शाह की जगह प्रकाश मेहता को और बोरीवली में सुनील राणे की जगह पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी को टिकट मिल सकता है। भाजपा द्वारा इन बदलावों को आगामी चुनावों में पार्टी की स्थिति सुधारने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्टर